जमशेदपुर, 25 दिसम्बर। जिला प्रशासन, रेड क्रॉस एवं जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयुक्त प्रयास से चलाये जा रहे प्लाज्मा डोनेशन अभियान में आज दोहरा शतक पूरा हुआ और अब यह आंकड़ा 200 के पार पहुंच गया है। कोरोना प्रभावित मरीजों को प्लाज्मा उपलब्ध कराने के उदेद्शय से शुरु हुआ यह अभियान जमशेदपुर में अब भी जरूरतमंद लोगों के काम आ रहा है। आज इस अभियान में टाटा स्टील के सुमन चक्रवर्ती, जो कि तीसरी बार अपना प्लाज्मा डोनेशन किये एवं प्लाज्मा से पूर्व उन्होने 16 बार अपना रक्तदान भी नियमित रक्तदाता के रूप में किया है, उसी कड़ी में टाटा स्टील के राजेश सतदेव ने भी आज अपना प्लाज्मा डोनेट किया, उन्होने चौथी बार अपना प्लाज्मा डोनेट किया। इन दोनों योद्धाओं को रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, रेड क्रॉस सोसाईटी के एसडीपी एवं प्लाज्मा डोनर प्रभारी श्री प्रभुनाथ सिंह, समाजसेवी सत्यनारायण अग्रवाल एवं यूनियन कमिटी मेम्बर संजीव तिवारी एवं भानु पौलिन ने सम्मानित किया तथा पीड़ित मानवता की सेवा के लिए उनके योगदान को सराहा।