विश्व एनजीओ दिवस पर कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े संगठनों को किया गया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:विश्व गैर-सरकारी संगठन दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल एवं जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो द्वारा राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यरत तीन सहयोगी गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों को पौधा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित किए गए संगठनों में एसोसिएशन ऑफ पीपल अफेक्टेड बाय लेप्रोसी के अध्यक्ष श्री जवाहर राम पासवान, डेमियन फाउंडेशन इंडिया ट्रस्ट के सामाजिक कार्यकर्ता श्री दुर्योधन बागती तथा हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन के श्री प्रवीण कुमार शामिल थे।
इस अवसर पर जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा कि यह दिवस उन सभी गैर-सरकारी संगठनों को समर्पित है, जो सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए अग्रणी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ये संगठन समाज के विकास, समुदायों में सुधार तथा नागरिक भागीदारी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं और सरकार व आम जनता के बीच सेतु का काम करते हैं।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि इस वर्ष विश्व गैर-सरकारी संगठन दिवस का विषय “समावेश के माध्यम से गरिमा की बहाली” है, जिसका उद्देश्य समाज के हाशिए पर खड़े लोगों को मुख्यधारा में शामिल कर उन्हें सम्मान और अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद, जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र की सामाजिक कार्यकर्ता नमृता ठाकुर तथा सभी प्रखंडों के बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

