टुसू मेले में फायरिंग की खबर पूरी तरह अफवाह, ट्रैक्टर घुसने से मची भगदड़ कोई हताहत नहीं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टुसू मेले के दौरान फायरिंग की घटना होने की खबर पूरी तरह अफवाह साबित हुई है। इस संबंध में कुछ वेब पोर्टलों पर प्रकाशित खबरें संदेह के घेरे में हैं। राष्ट्र संवाद की पड़ताल में स्पष्ट हुआ है कि मेले में न तो किसी तरह की हवाई फायरिंग हुई और न ही अवैध हब्बा–डब्बा का संचालन सामने आया।
जानकारी के अनुसार, टुसू मेले का आयोजन पंचायत मुखिया लीना मंडा की देखरेख में विधिवत रूप से किया जा रहा था। इसी दौरान पीस कमेटी के सदस्य विनय सिंह का पुत्र शराब के नशे में ट्रैक्टर लेकर मेले के भीतर घुस गया। अचानक ट्रैक्टर को मेले में आता देख लोग घबराकर स्वयं किनारे हो गए, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। न ही किसी प्रकार की फायरिंग की पुष्टि हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर के मेले में घुसने से डर का माहौल बना, लेकिन मामला जल्द ही शांत हो गया।
राष्ट्र संवाद को यह भी जानकारी मिली कि विनय सिंह स्वयं अपने बेटे की आदतों से परेशान रहते हैं और परिवार के अन्य सदस्य भी इस कारण चिंतित हैं। घटना का कारण केवल नशे की हालत में ट्रैक्टर लेकर मेले में घुसना रहा, न कि कोई आपराधिक फायरिंग या संगठित अवैध गतिविधि।
प्रशासन व पुलिस की ओर से भी फायरिंग या हताहत की पुष्टि नहीं की गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल सत्यापित खबरों पर ही विश्वास करें।


