कृषि विज्ञान केंद्र जामताड़ा में पोषण वाटिका प्रबंधन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), जामताड़ा में शुक्रवार को पोषण वाटिका प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न चयनित विद्यालयों से आए 33 नोडल शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का शुभारंभ केवीके जामताड़ा के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. पंकज कुमार, एडीपीओ मनोज कुमार अंबष्ट, वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार तथा राज्य समन्वयक तन्मय चटर्जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर पोषण वाटिका की स्थापना एवं संचालन के माध्यम से बच्चों को ताज़ी, स्वच्छ एवं पोषणयुक्त सब्ज़ियाँ उपलब्ध कराना था, ताकि उनके पोषण स्तर में सुधार हो सके। सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने पोषण वाटिका की संरचना, डिज़ाइन, मौसम के अनुसार सब्ज़ी एवं फल चयन तथा उनमें उपलब्ध पोषक तत्वों की जानकारी दी।
डॉ. पंकज कुमार एवं डॉ. संजय कुमार ने जैविक खाद के प्रयोग, संतुलित कीटनाशक उपयोग तथा रोग-कीट प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों पर व्यावहारिक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पोषण वाटिका बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास एवं रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक है।
इसके साथ ही पोषण वाटिका को विद्यार्थियों में स्वावलंबन, संतुलित आहार की आदत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

