दुमका में मुख्यमंत्री का होगा आगमन, झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का होगा उद्घाटन
राष्ट्र संवाद सं
दुमका : जिले में 24 नवंबर, सोमवार को मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन का आगमन प्रस्तावित है। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री दुमका के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करेंगे। इस संस्थान के शुरू होने से संताल परगना क्षेत्र से विमानन प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उपायुक्त ने कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए सभी अधिकारियों को उनके निर्धारित स्थल पर समय से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समारोह में आने वाले आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा संपूर्ण व्यवस्था अनुशासित तरीके से संचालित हो।
बैठक में मौजूद पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खरवार ने बताया कि कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ कर दी गई है। सभी पुलिस पदाधिकारियों को विनम्र व्यवहार, सतर्कता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त तैयारी के साथ दुमका में मुख्यमंत्री के स्वागत की सभी व्यवस्थाएँ पूरी कर ली गई हैं।

