ग्रामीण कल्याण अस्पताल कुंजबोना में जेम पोर्टल से खरीदे उपकरणों की समीक्षा बैठक संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : ग्रामीण कल्याण अस्पताल कुंजबोना में 7 अक्टूबर 2025 को उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अस्पताल में जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदे गए उपकरणों की स्थिति और इंस्टॉलेशन प्रगति की समीक्षा करना था।
उपायुक्त ने अस्पताल में खरीदे गए सभी उपकरणों एवं सामग्रियों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी उपकरणों का इंस्टॉलेशन शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने अस्पताल संचालन से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों का सही उपयोग और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण करने को कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. आनंद मोहन सोरेन, कार्यपालक अभियंता विद्युत एवं पीएचईडी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

