आदर्श ग्राम विकास को लेकर “आदि कर्मयोगी अभियान”
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा में “आदि कर्मयोगी अभियान” के तहत जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में पंचायती राज प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में 480 गांवों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं से अनुमोदित विलेज एक्शन प्लान की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि एक्शन प्लान ऐसा बने जो गांव की संस्कृति, भाषा और परंपरा को संजोते हुए विकास का मार्ग प्रशस्त करे। उपायुक्त ने सभी प्रतिनिधियों को ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता से कार्य करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने बताया कि जिले के 480 गांवों को 95 क्लस्टरों में विभाजित कर प्रत्येक बुधवार “आदि सेवा दिवस” मनाया जाएगा। इसमें ग्रामीण समस्याओं पर चर्चा कर समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि बेहतर एक्शन प्लान तैयार करने वाले पांच पंचायत प्रतिनिधियों का नाम भारत सरकार को भेजा जाएगा, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप समेत कई अधिकारी व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने गांवों के सर्वांगीण विकास और रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

