पांच सूत्री मांगों के समर्थन में हड़ताल पर गये 75 पंचायत के मुखिया,दिया राज भवन पर धरना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाट शिला प्रखंड के 22, पोटका के 34 एवं मुसाबनी प्रखंड के 19 पंचायत के मुखियाओं ने मंगलवार से हड़ताल पर जाने की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा को देकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। मुखिया संघ द्वारा मंगलवार को अपने मांगों के समर्थन में रांची राज भवन के समक्ष धरना प्रदर्शन किया गया। जिसमें मुसाबनी प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष दुलारी सोरेन के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन में विभिन्न पंचायत के मुखियाओं ने भाग लिया। जिनमें मुख्य रूप से मुखिया दुलारी सोरेन, शुक्रमणि हेंब्रम, दुलारी मुर्मू, हल्यानी मुर्मू, इसाक बाखला,सुतामनी सोरेन, बासो हांसदा,बॉबी मार्डी,मनजीत सिंह,मंजीरा बानरा,पोरमा बानरा,परबत हांसदा,भीमसेन मुर्मू, मुचिराम हांसदा सहित अन्य मुखिया अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन में शामिल थे।
मुखिया संघ के अध्यक्ष दुलारी मुर्मू ने बताया कि झारखंड प्रदेश मुखिया संघ के आह्वान पर मुसाबनी प्रखंड के सभी मुखिया हड़ताल पर चले गए हैं। मुखिया संघ ने पंचायत के विकास के लिए राज्य वित्त आयोग की राशि जल्द जारी करने, कार्यकाल के दौरान आकस्मिक मृत्यु, दुर्घटना होने पर पंचायत प्रतिनिधियों को तीस लाख मुआवजा देने, मुखियाओं को तीस हजार मासिक मानदेय देने, सरकारी योजनाओं में मुखिया व उनके परिजनों को शामिल करने और मुखिया पर लगाये गए आरोपों की पूर्ण जांच बिना वित्तीय अधिकार जब्त नहीं करने की मांग राज्य सरकार से की गयी है। मुखिया के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से पंचायत में विकास कार्य प्रभावित होने लगी है।