साढ़े तीन करोड जनता को निराश करने वाला बजट, झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार के घोषणाओं के तरह ही बजट भी है खोखला: सुधांशु ओझा
जमशेदपुर। झारखंड के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट पेश किया। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले चार साल से अधिक समय से झारखंड के लोगों को झूठे वादों और घोषणाओं की घुट्टी पिलाने वाली झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार का यह बजट भी खोखला है। वर्तमान सरकार के इस अंतिम बजट से जनता को काफी उम्मीदें थी। लेकिन इस दिशाहीन व निराशाजनक बजट से गरीब,
किसान, युवाओं, आदिवासियों और महिलाओं के साथ सभी वर्गों को को निराशा हुई है, लुभावने घोषणाओं के मायाजाल व उदासीन क्रियान्वयन से झारखंड सरकार की योजनाएं पोस्टर/ बैनर तक सिमटकर विफल साबित हो रही है। सुधांशु ओझा ने कहा कि साढ़े चार साल के कुशासन से त्रस्त हो चुकी जनता में सरकार की कार्यप्रणाली से भारी आक्रोश है। यह 2024 का वर्ष झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन के कुशासन के अंत और विदाई का वर्ष होगा।
भ्रमित, निराश और हताश करने वाला बजट, युवाओं को फिर मिला धोखा: प्रेम झा


वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला प्रवक्ता प्रेम झा ने झारखंड सरकार के बजट को भ्रमित, निराश और हताश करने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि बजट में भविष्य की कोई ठोस योजना नही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण और दुःखद है कि युवाओं को फिरसे धोखा मिला है। प्रेम झा ने कहा कि यह बजट सिर्फ घोषणाओं पर टिकी हुई बजट है। झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पिछली बार के बजट की राशि और घोषणाओं को अबतक पूरा नही कर पाई। बजट में बेरोजगारी और युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर कोई बात नही की गई है। युवा वर्ग को झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार ने फिर से धोखा दिया है।


