उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री शशि भूषण मेहरा की अध्यक्षता में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन तथा व्यापार की रोकथाम हेतु जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स आहूत बैठक संपन्न
*◼️ धारित पत्थर खनन पट्टों के अलावे कोई अवैध खनन नहीं हो, अन्यथा होगी नियमसंगत कार्रवाई- उपायुक्त*
जामताड़ा जिला अंतर्गत कैटेगरी-I के ग्राम पंचायत द्वारा संचालित बालूघाटों के संचालन हेतु संबंधित अंचल अधिकारी को परिवहन चालान निर्गत करने की व्यवस्था शुरू करें – उपायुक्त
*◼️अवैध रूप से परिवहन करते पकड़े जाने पर करें प्राथमिकी – उपायुक्त*
*◼️ क्रशरों में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा एवं प्रदूषण की रोकथाम हेतु किए जाने वाले उपायों का जांच कर संबंधित अंचल अधिकारी 15 दिनों के अंदर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं- उपायुक्त*
आज दिनांक 21.12.2023 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री शशि भूषण मेहरा (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन तथा व्यापार की रोकथाम हेतु जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आहूत किया गया।
बैठक में उपायुक्त द्वारा अवैध कोयला खनन के फलस्वरूप बने गड्ढे भरने, लगातार जांच अभियान चलाने, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, एनजीटी के रोक का अनुपालन, लीज धारक, सुरक्षा मानक का ध्यान रखते हुए क्रशर संचालन आदि की समीक्षा की गई। इसके अलावा विगत बैठक में दिए कई बिंदुओं पर अनुपालन की समीक्षा किया गया
*अवैध खनन की गतिविधियों पर लगाएं रोक, सख्ती बरतें*
उपायुक्त ने कहा की किसी भी सूरत में खनन क्षेत्र से बाहर खनन नहीं होनी चाहिए, अन्यथा कड़ी करवाई करें। वहीं उन्होंने कहा कि मानक का पालन करके ही खनन पट्टा दें। उन्होंने कहा कि धारित पत्थर खनन पट्टा क्षेत्र के बाहर खनन नहीं होने चाहिए इसका सतत निगरानी करते रहें, अनियमितता पाए जाने पर नियमसंगत कार्रवाई करें।
वहीं उन्होंने जिले में क्रशर संचालन की जानकारी ली एवं निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा मानक का पालन करके क्रशर चलाएं। उन्होंने सभी अंचल अधिकारी क्रशर संचालन में सुरक्षा मापदंड की जानकारी ली। वहीं क्रशरों में कार्यरत मजदूरों के सुरक्षात्मक उपाय के अलावा प्रदूषण के रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की जांच करते हुए 15 दिनों के अंदर संबंधित अंचल अधिकारी को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन नहीं होने चाहिए, इसके लिए जरूरी कदम उठाएं। इसके अलावा समीक्षा क्रम में उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को खनन सम्बन्धित अद्यतन जानकारी रखने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान ही उपायुक्त ने कहा कि राजस्व का हानि नहीं होनी चाहिए, उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारी को ससमय रॉयल्टी जमा करने का निर्देश दिया।
वहीं उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जब तक बालू घाटों की बंदोबस्ती नहीं हो जाती है तब तक बालू घाटों से अवैध रूप से बालू का उठाव न हो इसके लिए संबंधित अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सप्ताह में कम से कम 02 दिन बालू घाटों में औचक छापेमारी करने एवं अवैध खनन करने वाले वाले व्यक्तियों/वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने हेतु निर्देश किया।
*अवैध खनन के फलस्वरूप बने गड्ढों की भराई जल्द करें, ताकि कोई अनहोनी न हो*
बैठक में समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेश्वर क्षेत्र, सर्वश्री ईसीएल के बंद पड़े खदानों में अवैध कोयला खनन के फलस्वरूप बने गढ्ढों की अविलंब भराई करने का निर्देश दिया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न घटित हो। वहीं वन क्षेत्र के चारों ओर ट्रेंच कटिंग कर वृक्षारोपण करने का निर्देश दिया, जिससे अवैध कोयला खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाया जा सके। इसके अलावा उन्होंने खनन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखकर अवैध खनन पर हर हाल में रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी गड्ढों का भराई शीघ्र पूर्ण करें तथा भराई कार्य पूर्ण होने तक सीआईएसएफ बल के द्वारा निगरानी रखने, पेट्रोलिंग करने हेतु स्थानीय थाना को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। इसके अलावा नियमित रूप से छापेमारी करने का निर्देश दिया। साथ ही गड्ढे की भराई कार्य में वन प्रमंडल पदाधिकारी को सहयोग हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी हालत में न हो पाए इसके लिए नियमित तौर पर छापामारी करने, खनन क्षेत्रों में गश्त तेज करने हेतु उपायुक्त ने संबंधित को निर्देश दिया।
वहीं एसपी माइंस के द्वारा बताया गया कि कोयला चोरी एवं परिवहन तथा भंडारण के कुल 34 मामले प्रकाश में आए, जिसमें से 1 पर प्राथमिकी दर्ज 1 डंपर को सीज किया गया एवं 130.330 एम0टी0 कोयला जब्त किया गया। वहीं जामताड़ा रेलवे साइडिंग के कोयला लोडिंग/कांटाघर में झारखंड गृह रखा वाहिनी के सुरक्षाबल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा साइडिंग में कोयला लोडिंग एवं अनलोडिंग स्थलों में 16 सीसीटीवी कैमरा लगाया है उपायुक्त ने कोयला परिवहन के दौरान चोरी पर अंकुश लगाने हेतु परिवहन चालान में वैलिडिटी 2-3 घंटा सीमित रखने हेतु ट्रांसपोर्टरों से पत्राचार करने का निर्देश दिया। इसके अलावा ओवरलोडिंग पर भी नियंत्रण रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
*ग्राम पंचायत द्वारा संचालित बालूघाटों के संचालन हेतु संबंधित अंचल अधिकारी को परिवहन चालान निर्गत करने की व्यवस्था शुरू करें*
वहीं समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिला अंतर्गत कैटेगरी-I के ग्राम पंचायत द्वारा संचालित बालूघाटों के संचालन हेतु संबंधित अंचल अधिकारी को परिवहन चालान निर्गत करने की व्यवस्था शुरू करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
*नियमित रूप से जांच अभियान चलाएं*
बैठक में जानकारी दी गई कि जिला परिवहन पदाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी के द्वारा संयुक्त रूप किए गए छापेमारी की जानकारी ली एवं निर्देश दिया की सभी अंचल अधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में इस पर कड़ी नजर रखें।
*कई मामलों में हुई है कार्रवाई*
वहीं जिला खनन पदाधिकारी ने उपायुक्त को बताया कि इस वित्तीय वर्ष में अवैध खनन, खनिज परिवहन, व्यापार की रोकथाम से संबंधित 79, बालू खनिज के 33, पत्थर खनिज 19, स्टोन चिप्स के 11 एवं क्वार्ट्ज खनिज के 6 मामलों में जुर्माना एवं प्राथमिकी हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई है।
उपायुक्त ने बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी को पुलिस बल के साथ आपसी समन्वय बनाकर अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारी को अपने अपने क्षेत्रों में विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
*इनकी रही उपस्थिति*
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री अनिमेष नैथानी (भा०पु०से०), वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री बनकर अजिंक्य देवीदास (भा०व०से०), अपर समाहर्ता श्री सुरेन्द्र कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अजय कुमार तिर्की, जिला खनन पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, संबंधित अंचल अधिकारी, महाप्रबंधक ईसीएल पांडेश्वर, एसपी माइंस चितरा प्रतिनिधि, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

