संवाददाता- विवेक चौबे
गढ़वा : जिले के कांडी प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के जमुआ गांव स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के प्रांगण में दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर रविवार की रात भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के भावी विधायक प्रत्याशी सह बसपा के प्रदेश अध्यक्ष राजन मेहता थे। उन्होंने फीता काट कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इससे पूर्व पूजा समिति के सदस्यों ने माल्यार्पण व अंगवस्त्र दे कर उनका जोरदार स्वागत किया। जबकि पूजा समिति के सदस्यों को भी अंगवस्त्र व माल्यार्पण किया गया। वहीं बसपा नेता राजन मेहता ने क्षेत्र की जनता की सुख-समृद्धि हेतु प्रार्थना करते हुए माता रानी को नमन किया। लोगों को संबोधित करते हुए बसपा नेता ने कहा कि बसपा गरीब-गुरबा, किसान, मजदूर सबकी है। जहां भी जरूरत अनुभव करें, जरूरतमंदों की मदद अवश्य ही कि जाएगी। उन्होंने कहा कि भक्ति व पूजा अर्चना से मनुष्यों के भीतर पलने वाला रावण समाप्त हो जाता है। अहंकार ही रावण है। साथ ही उन्होंने उपस्थित दर्शकों को कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से भक्ति जागरण कार्यक्रम का लुफ्त उठाएं। वहीं बसपा नेता राजन मेहता ने तमाम क्षेत्र वासियों को दशहरा पर्व की ढेरों सारी शुभकामनाएं दी। बता दें कि भक्ति जागरण कार्यक्रम में पलामू जिला के जपला बिहारी बिगहा से चलकर आए भोजपुरी के सुप्रसिद्ध गायक बीरेंद्र पासवान ने अपने सुरीले आवाज से दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों का बौछार कर दिया। वहीं नर्तकी काजल व रानी ने अपने नृत्य कला से जलवा बिखेरते हुए दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया। दर्शकों ने रात भर कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। जबकि मंच का संचालन बसपा के कांडी प्रखण्ड अध्यक्ष श्रवण कुमार पासवान ने किया।
मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष शंभू कुमार मेहता, उपाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, सचिव हरिनंदन पासवान, कोषाध्यक्ष योगेंद्र कुमार मेहता, अरविंद कुमार मेहता, प्रवेश पासवान, रविन्द्र पासवान, चनरधन मेहता, अर्जुन कुमार पासवान, विनोद कुमार राम, धर्मेंद्र कुमार ठाकुर सहित अन्य सदस्यों व हजारों की संख्या में दर्शकगण उपस्थित थे।