नगर निकाय चुनाव: जुगसलाई व मानगो में भाजपा प्रत्याशियों को आजसू का समर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नगर निकाय चुनाव को लेकर आजसू पार्टी ने अपना रुख साफ करते हुए जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह तथा मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी संध्या सिंह को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
आजसू जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि पार्टी दोनों प्रत्याशियों को तन-मन-धन से सहयोग करेगी और उनकी जीत सुनिश्चित कराने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आजसू के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार में जुटेंगे।
कन्हैया सिंह ने कहा कि मजबूत नेतृत्व ही नगर निकायों में विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की कुंजी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आजसू-भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की साझा कोशिश से क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

