लेखक: इंद्र यादव
मुंबई पुलिस ने एक बड़े नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से लाखों रुपये के जाली नोट बरामद हुए हैं।
महिला समेत दो गिरफ्तार, 10.64 लाख रुपये के 2,128 नकली नोट बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता इंद्र यादव | मुंबई। मुंबई क्राइम ब्रांच की कक्ष-2 ने नकली नोटों के कारोबार का खुलासा करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 500 रुपये के कुल 2,128 नकली नोट, जिसकी कुल कीमत करीब 10 लाख 64 हजार रुपये है, बरामद किए हैं।
नकली नोट गिरोह का ऐसे हुआ भंडाफोड़
क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि मेट्रो सिनेमा के पास वासुदेव बळवंत फडके चौक में एक महिला और पुरुष लोगों को असली रकम के बदले दोगुने नकली नोट देने का लालच देकर ठगी कर रहे हैं। पुलिस ने जाल बिछाकर पहले महिला को पकड़ा। उसके पास से 270 नकली नोट बरामद हुए।
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे ये नोट कुर्ला स्टेशन के पास एक व्यक्ति ने दिए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वहां से दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 1,858 नकली नोट मिले।
कानूनी कार्रवाई और जांच जारी
दोनों आरोपियों के खिलाफ आजाद मैदान पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच क्राइम ब्रांच कक्ष-2 कर रही है। पुलिस अब नकली नोटों के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे समेत वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और गिरोह का असली मास्टरमाइंड कौन है।
भारतीय रिजर्व बैंक के दिशानिर्देशों के अनुसार नकली नोटों की पहचान और रिपोर्टिंग के लिए नागरिक आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

