राउंड टेबल इंडिया के बैडमिंटन टूर्नामेंट में 250 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम
जमशेदपुर: जमशेदपुर ग्रीन स्टील राउंड टेबल 224 (JGSRT 224) और जमशेदपुर ग्रीन स्टील लेडीज़ सर्किल 123 (JGSLC 123) के संयुक्त तत्वावधान में जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। चेयरमैन विवेक नरेड़ी और चेयरपर्सन स्नेहा संधू के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
टूर्नामेंट में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-19, पुरुष एवं महिला एकल, युगल, मिक्स्ड डबल्स और जंबो डबल्स सहित विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का संचालन ईस्ट सिंहभूम बैडमिंटन एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नॉकआउट प्रारूप में किया गया।
समापन समारोह में डिप्टी कमांडेंट मोहनिश कुमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव प्रभाकर राव विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य प्रायोजक राजेश कुमार पटेल को भी सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में महिला एकल का खिताब अनुष्का कच्छप, पुरुष एकल में कीर्तन अग्रवाल, महिला युगल में जल्पा पारिख-जसलीन कौर, पुरुष युगल (35+) में नजमुल-मुज़म्मिल, ओपन पुरुष युगल में कीर्तन-अनीश तथा मिक्स्ड डबल्स में अनाहिता-वकास की जोड़ी ने अपने नाम किया। विजेताओं सहित अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कुल 53 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर चेयरमैन विवेक नरेड़ी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और सामाजिक एकता का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों और आयोजन समिति का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

