खनन विभाग का कांदरबेड़ा में जांच, पांच वाहन जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग का जांच अभियान जारी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में कांदरबेड़ा काली मंदिर एवं कांदरबेड़ा-डोबो मार्ग के आसपास सघन नाका जांच अभियान चलाया गया। अभियान में स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की टीम भी शामिल रही।
जांच के दौरान पत्थर लदे दो हाइवा, बालू लदे दो हाइवा तथा एक आइसर वाहन को रोककर कागजात की जांच की गई। वाहन चालकों से परिवहन चालान समेत खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन पांचों वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में वाहनों पर निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज लदे होने की भी पुष्टि हुई।
इसके बाद जिला खनन पदाधिकारी ने सभी पांच वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सुपुर्द किया गया है। विभाग ने बताया कि मामले में नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन तथा ओवरलोडिंग करने वाले वाहन संचालकों पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

