भारत बंद का व्यापक असर, दिल्ली-एनसीआर में हर तरफ नजर आया जाम नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान मोर्चा द्वारा के गए भारत बंद का व्यापक असर राजधानी दिल्ली सहित देश के अन्य हिस्सों में देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में गाजीपुर बॉर्डर इलाकों में भारी जाम देखने को मिला। बंद आज सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। भारत के बंद के मौके पर राष्ट्रीय किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि इस बंद का राजनीति से कुछ भी लेना देना नहीं है। हमारा यह आंदोलन सरकार के खिलाफ है।
उन्होंने बंद को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, आज जो सरकार में हैं क्या वे लोग बंद नहीं करते थे ? उन्हें क्या हासिल होता था ? हमने तो उनसे ही सीखा है। यह बंद भी आंदोलन का ही एक हिस्सा है। उन्होंने सरकार को बेइमान और धोखेबाज बताया। उन्होंने कहा, किसान
पिछले दस महीने से केंद्र के कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं, अगर उनकी मांग नहीं मानी जाएगी तो वो दस वर्षों तक आंदोलन करने के लिए तैयार हैं, क्योंकि वो किसी भी स्थिति में काले कानूनों को लागू नहीं होने देंगे।
बता दें कि देश के विभिन्न हिस्सों, विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान, पिछले साल नवंबर से दिल्ली की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं, जिसको लेकर उन्हें डर है कि इससे न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रणाली को खत्म कर दिया जाएगा। उन्हें बड़े कार्पोरेट घरानों की दया पर छोड़ दिया जाएगा। गतिरोध खत्म करने और किसानों के विरोध प्रदर्शन को समाप्त कराने के लिए सरकार और किसान यूनियन के बीच अब तक 11 दौर की बातचीत हुई है, आखिरी बातचीत 22 जनवरी को हुई थी, इसके बाद बात आगे नहीं बढ़ पाई, लिहाजा किसान अभी भी आंदोलन करने को मजबूर हैं।