दहेज की लालच में विवाहिता की निर्मम हत्या! शव को 5 किलोमीटर तक बाइक से घुमाता रहा आरोपी पति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बाढ़ (पटना)। सालिमपुर थाना क्षेत्र के काला दियारा पंचायत अंतर्गत वीरपुर गांव में रविवार को एक 19 वर्षीय नवविवाहिता कृति कुमारी का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सबनीमा गांव निवासी कृति कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी दो महीने पहले ही शादी काला दियारा निवासी रविन्द्र शर्मा से हुई थी।

लड़की के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के समय लड़के वालों ने 8 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें 5 लाख रुपये दिए भी गए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार कृति को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, हत्या से एक दिन पहले कृति ने अपनी मां से फोन पर बात की थी और चिंता जाहिर की थी।

अगले दिन ग्रामीणों से परिजनों को कृति की मौत की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी पति रविन्द्र शर्मा ने कृति के शव को ठिकाने लगाने के लिए करीब 5 किलोमीटर तक बाइक पर घुमाया और फिर एक सुनसान खेत में फेंक दिया। शव मिलने के बाद लड़की के शरीर पर कई जगह खरोंच के निशान और गले में रस्सी का फंदा मिला है, जिससे उसकी गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
लड़की के परिजनों ने जब बाइक के टायर के निशान का पीछा किया, तो शव से लगभग दो किलोमीटर दूर एक झाड़ी में लावारिस हालत में बाइक भी मिली। हत्या के बाद आरोपी पति समेत ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं।

बाढ़ एसडीपीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि सालिमपुर थाना को विवाहिता की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक छानबीन में हत्या की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

