मानगो नगर निगम चुनाव: मेयर पद पर मुकाबला हुआ दिलचस्प, भाजपा से संध्या सिंह के नाम पर लगी मुहर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी माहौल अब धीरे-धीरे गर्म होता जा रहा है। सबसे पहले राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए अपनी पत्नी सुधा गुप्ता की उम्मीदवारी का ऐलान कर सियासी सरगर्मी बढ़ा दी थी। इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज थीं कि भारतीय जनता पार्टी किस प्रत्याशी को अपना समर्थन देगी।
पिछले कुछ दिनों में भाजपा से जुड़े कई दावेदारों ने अपनी-अपनी पत्नियों के नाम आगे कर मेयर पद के लिए दावेदारी पेश की। इनमें प्रमुख रूप से अविनाश सिंह राजा की पत्नी ज्योति सिंह, नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह, जमशेदपुर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव की पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री लकी सिंह राजपूत सहित कई नाम चर्चा में रहे।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, लेकिन मानगो नगर निगम को छोड़कर लगभग सभी निकाय क्षेत्रों में प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही हो चुकी थी। ऐसे में भाजपा और जदयू दोनों ही दलों में मानगो को लेकर सस्पेंस बना हुआ था।
इसी बीच बड़ी जानकारी सामने आई है कि भारतीय जनता पार्टी ने मेयर पद के लिए नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है।
इसके साथ ही मानगो नगर निगम चुनाव से जुड़ा सस्पेंस पूरी तरह खत्म हो गया और मुकाबला सीधा आमने-सामने का हो गया। एक ओर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी सुधा गुप्ता को मैदान में उतार चुके हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा की ओर से संध्या सिंह की दावेदारी से चुनावी जंग और भी रोचक व चुनौतीपूर्ण होने की संभावना है।आने वाले दिनों में मानगो नगर निगम के मेयर पद को लेकर एक बेहद रोमांचक और कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
नगर निकाय चुनाव: मानगो से संध्या सिंह और जुगसलाई से रिंकू सिंह को भाजपा का समर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता

जमशेदपुर।जमशेदपुर में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के लिए अपने समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा ने व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह की धर्मपत्नी संध्या सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा नेता व कारोबारी गुड्डू सिंह की पत्नी रिंकू सिंह को समर्थित प्रत्याशी घोषित किया गया है।
इन दोनों नामों की आधिकारिक पुष्टि भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी ताकत से चुनावी अभियान में जुटने की अपील की।
जुगसलाई नगर परिषद से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रिंकू सिंह ने कहा कि जुगसलाई में टाटा स्टील यूआईएसएल के माध्यम से बेहतर पानी और बिजली की व्यवस्था उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही एक महिला कॉलेज की स्थापना, आरपी पटेल स्कूल क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता में सुधार, पार्किंग व्यवस्था, बिजली आपूर्ति में सुधार, जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाने, सफीगंज मोहल्ला की तीन साल पुरानी जल समस्या का समाधान, जर्जर बिजली तारों की मरम्मत, बच्चों के लिए पार्क निर्माण और कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था करने का भी उन्होंने भरोसा दिलाया।


