कुमारडूबी विद्यालय में मलेरिया जांच शिविर, 81 बच्चों की रिपोर्ट मिली निगेटिव।
राष्ट्र संवाद संवादाता
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर आज उप स्वास्थ्य केंद्र, कुमारडूबी की ओर से कुमारडूबी मध्य विद्यालय में मलेरिया जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मलेरिया के लक्षण, बचाव के उपाय, साफ-सफाई का महत्व तथा बुखार होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि बरसात के मौसम में मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में मच्छरों से बचाव, घर एवं आसपास जलजमाव नहीं होने देना तथा समय पर जांच कराना आवश्यक है।
इस दौरान आरडीटी (RDT) किट के माध्यम से 81 बच्चों की मलेरिया जांच की गई। जांच में सभी बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई।
शिविर में लैब टेक्नीशियन दिनेश कुमार घोष एवं एएनएम उर्मिला सिंह,संता बाला मुखी, एमपीडब्ल्यू मायसा हांसदा, चंदन कुमार मन्ना,महेश्वर मुंडा व देवब्रत घोष, आरबीएसके टीम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उत्पल मुर्मू ने बताया कि मलेरिया मुक्त बहरागोड़ा अभियान के तहत वर्षा ऋतु में विभिन्न विद्यालयों एवं गांवों में मलेरिया जांच और जनजागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा, ताकि समय पर पहचान एवं रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

