सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए नुकसानदेह : ललित दास
ललित दास ने बाबूडीह लालभट्ठा बस्ती में स्वच्छता अभियान चलाया
जमशेदपुर, 2 अक्टूबर । बाबूडीह लालभट्ठा बस्ती, भुइयांडीह में सामाजिक संस्था ’लोक समर्पण‘ के अध्यक्ष ललित दास के नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने गांधी जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर स्वच्छता अभियान के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ललित दास ने बस्तीवासियों को संबोधित किया और उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलायी। मौके पर श्री दास ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पृथ्वी के जीव-जतुंओं और पर्यावरण के लिए काफी नुकसानदेह है। हर वर्ष लाखों समुद्री जीव प्लास्टिक के कारण मर रहे हैं। कई समुद्री प्रजातियां विलुप्ति के कगार पर है। भारत सरकार ने भी पूरे देश में आज से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा दिया। इसलिए हमें प्लास्टिक पर निर्भरता को त्यागते हुए इक्को फ्रेंडली विकल्प का उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में ललित दास ने स्वच्छता एवं पर्यावरण के क्षेत्र में बस्ती में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए बस्ती के दो जागरूक नागरिक श्री प्रकाश ठाकुर, श्री मृत्युंजय यादव, शहर के समाजसेवी श्री प्रकाश सिंह (टुनटुन सिंह) और शहर की सामाजिक संस्था ’स्वामी विवेकानंद सेवा संस्थान‘ के महासचिव श्री अखिलेश चौधरी को बुके देकर और शॉल ओढाकर सम्मानित किया। इसके बाद लोक समर्पण के सदस्यों और बस्तीवासियों ने बस्ती में झाडू लगाकर साफ-सफाई की और ब्लिचिंग पाउडर का छिडकाव किया। मौके पर ललित दास ने बस्तीवासियों के साथ पौधरोपण किया। इस दौरान मौके पर उपस्थित सफाईकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के सदस्य ज्ञान सिंह चौहान ने किया और धन्यवाद ज्ञापन सी. रमेश नाग ने किया। इस अवसर पर संस्था के सचिव श्री नीरज कैवर्त, कोषाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, गुंजन यादव, प्रदीप दुबे, रीतेश दत्ता, सुभाष मुखी, अर्वण कुमार, सन्नी संघी, मोनू अग्रवाल, मिथिलेश कुमार, धनराज, नवीन, संतोष, अजीत कालिंदी, धर्मेन्द्र जायसवाल आदि उपस्थित थे।