कुचाई पुलिस को मिली बड़ी सफलता, आरोपी संग चोरी के दो बाइक, ट्रैक्टर ओर देसी कट्टा हुआ बरामद, एक नाबालिक भी है शामिल।
राष्ट्र संवाद संवाददाता – अमन ओझा
सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना अंतर्गत दलभंगा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की। जिसमें बिना कागजात के संदिग्ध परिस्थिति में पकड़े गए दो युवकों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें, एक चोरी का ट्रैक्टर इंजन और एक देशी कट्ठा व जिंदा गोली बरामद की गई है। एक युवक को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। कुचाई थाना क्षेत्र में सोमवार को नियमित वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर जांच की।
कागजात मांगने पर दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल चोरी की है। इसके बाद पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर एक और चोरी की बाइक और चोरी का ट्रैक्टर इंजन बरामद किया। पूछताछ आगे बढ़ने पर दोनों ने यह भी बताया कि उनके पास एक देशी कट्ठा और जिंदा गोली भी छुपाकर रखी गई है। पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया। इस पूरे मामले में कुचाई थाना में दो अलग-अलग कांड संख्या – 47/2025 और 48/2025 – के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंगल मुंडा उर्फ चोडे (उम्र 23 वर्ष, निवासी कोरवा, थाना अड़की जिला खूंटी) के रूप में हुई है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
बरामदगी में दो मोटरसाइकिलें, एक ट्रैक्टर इंजन, एक देशी कट्ठा और एक जिंदा गोली शामिल है। छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में कुचाई थाना एवं दलभंगा ओपी के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और चोरी की गाड़ियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

