मेला में चना गुड़ वितरण करते विधायक तथा मंदिर में पूजा करते सपरिवार
रोजो संक्रांति के अवसर पर मुक्तेश्वर धाम हरिना में आयोजित होने वाला कोल्हान का सबसे बड़ा एवं ऐतिहासिक मेला सोमवार से शुरू हो गया। यह मेला पांच दिनों तक चलेगा। परंपरा के अनुसार प्रातःकाल पातभोक्ता पूजन के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ।
मेले के प्रथम दिन ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मुक्तेश्वर बाबा के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद उठाया और विभिन्न दुकानों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लिया।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने पातभोक्ताओं एवं श्रद्धालुओं के बीच चना, गुड़ एवं शरबत का वितरण किया। उन्होंने अपने परिवार के साथ मुक्तेश्वर बाबा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं राज्य की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। मौके पर मुख्य पुजारी बजरंकन दंडपात भी उपस्थित थे।
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाप्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल मेले की निगरानी में तैनात हैं।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुक्तेश्वर धाम हरिना की यह धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा कोल्हान की पहचान है। यह मेला सामाजिक समरसता, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को रोजो संक्रांति की शुभकामनाएं भी दीं।

