जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष चुनाव: नूतन सिंह ने नाम वापस लेकर भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह को दिया समर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नूतन सिंह ने गुरुवार को अपना नामांकन वापस लेते हुए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह को समर्थन और आशीर्वाद देने की घोषणा की। इसकी जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने स्टेशन रोड स्थित पप्पू सिंह के आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदारों ने आवेदन किया था, जिनमें नूतन सिंह भी शामिल थीं। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने रिंकू सिंह को समर्थित प्रत्याशी घोषित किया। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश और पार्टी निर्णय का सम्मान करते हुए नूतन सिंह और उनके पति पप्पू सिंह ने रिंकू सिंह के समर्थन में नाम वापसी का फैसला लिया, जो सराहनीय है।
इस अवसर पर रिंकू सिंह ने नूतन सिंह से आशीर्वाद लिया और शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। वहीं नूतन सिंह ने भी रिंकू सिंह को विजयश्री का आशीर्वाद देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। दोनों प्रत्याशियों ने विक्टरी साइन के साथ जीत का दावा किया।
नूतन सिंह ने कहा कि पार्टी और समाज के निर्देश का पालन करना उनका कर्तव्य है और अपनों के लिए त्याग आवश्यक होता है। पप्पू सिंह ने भी कहा कि उन्होंने शुरू से ही पार्टी और समाज के फैसले को स्वीकार करने का संकल्प लिया था।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने इसे नूतन सिंह और पप्पू सिंह की दूरदर्शिता और बड़प्पन बताया। उन्होंने कहा कि नाम वापसी के फैसले से भाजपा प्रत्याशी की स्थिति और मजबूत हुई है। इस दौरान भाजपा जिला कमेटी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

