मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सख्त झामुमो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले—एक भी योग्य मतदाता न छूटे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट कहा कि एक भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए, क्योंकि यह केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण विषय है।
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक में पार्टी के 12 जिलों के पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हुए। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण और आगामी जनगणना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करें और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें।
बैठक में वर्तमान राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई। झामुमो नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के माध्यम से आदिवासी, मूलवासी और वंचित वर्गों के मताधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की जा सकती है।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यकर्ता जनहित में पूरी सक्रियता के साथ काम करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे।

