हार्ट अटैक से झारखंड क्षत्रिय संघ गम्हरिया इकाई अध्यक्ष संतोष सिंह का निधन, टीएमएच में परिजनों का हंगामा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड क्षत्रिय संघ गम्हरिया इकाई के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता संतोष सिंह का रविवार देर शाम हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे 55 वर्ष के थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही गम्हरिया सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार संतोष सिंह रविवार को देवनगरी में आयोजित झारखंड क्षत्रिय संघ के पिकनिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही उन्हें अचानक सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी महसूस हुई। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और समर्थकों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए टीएमएच परिसर में हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि पैसे के अभाव में अस्पताल प्रबंधन ने समय पर इलाज शुरू नहीं किया, जिससे संतोष सिंह की जान चली गई।
सूचना मिलने पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी टीएमएच पहुंचे और समाज के लोगों के साथ धरने में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत संतोष सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए टाटा प्रबंधन पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पैसे के अभाव में किसी मरीज का समय पर इलाज न करना घोर अमानवीय कृत्य है और इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। चंपई सोरेन ने टीएमएच में कम से कम 100 बेड गरीबों के लिए आरक्षित करने, पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उल्लेखनीय है कि संतोष सिंह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे और झारखंड क्षत्रिय संघ की गम्हरिया इकाई को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका रही। उनके निधन से संगठन और समाज को अपूरणीय क्षति पहुंची है। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। परिवार में शोक का माहौल है।
फिलहाल टीएमएच परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन की ओर से हालात पर नजर रखी जा रही है।


