पहले चरण का चुनाव होगा अहम
बिशन पपोला
झारखंड चुनावों की बिसात बिछ चुकी है। खासकर, पहले चरण को लेकर तो पार्टियों ने पूरी तरह कमर कस ली है। 3० नवंबर को पहले चरण का चुनाव होना है। इस चरण में 13 विधानसभा सीटों पर आर-पार की लड़ाई होगी। इस चुनाव से आगे की रणनीति तय करने में भी पार्टियों की मदद मिलेगी, क्योंकि कम-से-कम रूझान पता लग जाएंगे कि हवा किस तरफ बह रही है। पहले चरण के चुनाव में प्रदेश के वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव भगत समेत 1० विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। सुखदेव भगत इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
आजसू के साथ पेच फंसने के बाद सुखदेव किसी तरह चुनावी दंगल में पहुंचे हैं। इधर, इस सीट पर आजसू ने भी नीरू शांति भगत को चुनाव मैदान में उतारा है। यहां बता दें कि पिछला चुनाव आजसू इस सीट पर जीत चुकी है। उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट पर सुखदेव जीत कर आए थे। पहले चरण की छह विधानसभा सीटों पर विधायक पाला बदल कर चुनाव लड़ रहे हैं। लोहरदगा से सुखदेव भगत, भवनाथपुर सीट से इस बार विधायक भानु प्रताप शाही भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं, जबकि पिछले चुनाव में भानु प्रताप शाही नौजवान संघर्ष मोर्चा के टिकट से चुनाव लड़ कर जीते थे। हुसैनाबाद सीट से इस बार विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता आजसू की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। पिछले चुनाव में वह बसपा के टिकट पर चुनाव जीते थे। छतरपुर सीट पर विधायक राधाकृष्ण किशोर आजसू की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। पिछली बार वह भाजपा के टिकट से चुनाव जीते थे। टिकट कटने के बाद वह आजसू में चले गए।
पहले चरण के लिए जिन सीटों पर चुनाव होना है, उनमें चतरा, गुमला, विशुनपुर, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा व भवनाथपुर शामिल हैं। विशुनपुर से झामुमो विधायक चमरा लिडा, लोहरदगा सीट से विधायक सुखदेव भगत, लातेहार सीट से विधायक प्रकाश राम, पांकी सीट से कांग्रेस विधायक देवेंद्र सिह, डाल्टेनगंज सीट से विधायक आलोक चौरसिया, विश्रामपुर सीट से मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, छतरपुर से विधायक राधाकृष्ण किशोर, हुसैनाबाद से विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, गढ़वा सीट से भाजपा विधायक सत्येंद्र तिवारी,भवनाथपुर सीट से विधायक भानु प्रताप शाही चुनाव मैदान में हैं। मांडू विधानसभा में दो सगे भाई आमने-सामने होंगे। झामुमो ने इस सीट से राम प्रकाश भाई पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, भाजपा ने इस सीट से झामुमो छोड़ पार्टी में शामिल हुए विधायक जय प्रकाश भाई पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है। उधर, झामुमो ने छह और प्रत्याशियों की सूची जारी की है। डुमरी में विधायक जगरनाथ महतो को एक बार फिर से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, सिदरी में भाजपा छोड़ झामुमो में शामिल हुए फूलचंद मंडल को टिकट दिया गया गया है। टुंडी में पूर्व विधायक मथुरा महतो और धनवार से नीजामुद्दीन अंसारी को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा गिरिडीह सीट से सुदिव्य कुमार सोनू को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
पहले चरण का चुनाव हर मायने में महत्वपूर्ण इसीलिए होता है, क्योंकि इससे तस्वीर साफ दिखाई देने लगती है। इसीलिए पहले चरण के चुनाव में सभी पार्टियां पूरी ताकत झौंकने की तैयारी कर चुकी हैं। अगर, बीजेपी को 65 प्लस का लक्ष्य पूरा करना है तो पार्टी को उसकी तस्वीर पहले चरण के चुनाव में ही साफ करनी होगी। उधर, प्रदेश में बने अलग तरह के राजनीतिक हालातों में कुछ भी कहना आसान नहीं लग रहा है, क्योंकि विपक्ष भी काफी आत्मविश्वास में दिखाई दे रहा है। आजसू से गठबंधन टूटने की वजह से व महागठबंधन में कई दलों के जुटने से बीजेपी की स्थिति थोड़ी खराब-सी दिखाई दे रही है। लिहाजा, पहले चरण के चुनाव में ऊंट किस करवट बैठेगा, इस संबंध में कुछ भी साफ-साफ नहीं कहा जा सकता है।