राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला: जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर-14 स्थित एक ज्वेलरी दुकान में मंगलवार को अपराधियों ने रंगदारी की मांग को लेकर दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में ज्वेलरी व्यवसायी प्रेम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, अपराधी दुकान पर पहुंचे और रंगदारी की मांग की. विरोध करने पर उन्होंने प्रेम वर्मा पर चापड़ से हमला कर दिया. हमले में व्यवसायी को गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद उन्हें तत्काल स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया गया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. घटना के पीछे रंगदारी वसूली के एंगल सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

