पीडीएस डीलर की आत्महत्या पर जामताड़ा डीलर्स एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन की जामताड़ा शाखा ने निर्धारित कार्यक्रम के तहत कंबाइंड बिल्डिंग शिशु बागान में बैठक आयोजित कर प्रदेश अध्यक्ष मोहन प्रसाद के नेतृत्व में उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन ने जमशेदपुर के घाटशिला अंतर्गत बनवारी गांव के पीडीएस डीलर मृणाल कांति रजक की आत्महत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया। बताया गया कि 6 मई को उन्होंने आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। संघ का आरोप है कि पिछले नौ महीनों से विभाग द्वारा कमीशन भुगतान नहीं किए जाने के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे थे।
ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने तथा राज्यभर के करीब 25 हजार डीलरों का लंबित कमीशन अविलंब जारी करने की मांग की।
पदाधिकारियों ने कहा कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी गड़बड़ी पर डीलरों पर तत्काल कार्रवाई की जाती है, लेकिन विभागीय लापरवाही से एक डीलर की जान चली गई। उन्होंने सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान देव कुमार साव, अनिल कुमार गुप्ता, कृष्णा महतो, रविंद्र नाथ मंडल समेत बड़ी संख्या में डीलर उपस्थित रहे।

