
जमशेदपुर: तीन दिवसीय राखी मेले का शुभारंभ, तुलसी भवन में सजी राखियों और उपहारों की आकर्षक प्रदर्शनी
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के तुलसी भवन में मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राखी मेले का भव्य शुभारंभ मंगलवार को हुआ। मेले का उद्घाटन जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने आयोजकों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय महिला उद्यमियों और छोटे व्यवसायियों को भी अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।
मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा की अध्यक्ष पायल अग्रवाल ने बताया कि यह मेला लगातार तीन दिनों तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।
रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए यहां आकर्षक और पारंपरिक राखियों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के गिफ्ट आइटम, सजावटी सामग्री, लड्डू गोपाल की सुंदर पोशाकें, पूजा सामग्री, गृह सज्जा के उत्पाद और अन्य कई उपयोगी वस्तुएं भी बिक्री के लिए रखी गई हैं।
उन्होंने बताया कि मेले में शहर के विभिन्न विक्रेताओं और महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने व्यवसाय को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी। मेले में आने वाले लोगों को एक ही स्थान पर रक्षाबंधन से जुड़ी खरीदारी की सभी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध होंगी।
उद्घाटन के पहले दिन ही बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और परिवारों ने मेले का भ्रमण कर खरीदारी की। रंग-बिरंगी राखियों, आकर्षक उपहारों और पारंपरिक सजावट ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे तीन दिवसीय राखी मेले में पहुंचकर खरीदारी करें और स्थानीय उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें।

