जामताड़ा में अवैध खनन पर सख्ती, रात्रि छापेमारी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर अवैध खनन, खनिज परिवहन और व्यापार की रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जिले में बालू, कोयला और पत्थर के अवैध खनन पर हर हाल में रोक लगाई जाए तथा दोषियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाने, खनन पट्टों के नियमानुसार उपयोग और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए। खनन क्षेत्रों में रात्रि के समय संयुक्त टीम बनाकर औचक छापेमारी करने तथा ड्रोन समेत अन्य तकनीकी माध्यमों से निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
कोयला परिवहन में लगे डंपरों को तिरपाल से ढककर चलाने और बिना तिरपाल वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही अनफिट डंपरों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अवैध खनिज परिवहन से जुड़े 10 मामलों में 10 वाहनों को जब्त किया गया है। इनमें दो प्राथमिकी दर्ज करते हुए 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।
अधिकारियों को बालू घाटों पर सतत निगरानी, चेकपोस्टों की संयुक्त जांच और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश भी दिए गए।

