राष्ट्र संवाद की खबर का असर: यूसील सीएमडी के पीए सुरोजित दास 20 साल बाद हटाए गए, काशीनाथ चौधरी बने नए निजी सचिव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा।राष्ट्र संवाद द्वारा लगातार प्रकाशित खबरों का बड़ा असर सामने आया है। यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) के सीएमडी के निजी सचिव सुरोजित दास को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह तकनीकी निदेशक के निजी सचिव काशीनाथ चौधरी को यूसील सीएमडी का नया निजी सचिव नियुक्त किया गया है। इस कार्रवाई से यूसील अधिकारियों और कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है।
बताया जाता है कि सुरोजित दास करीब 20 वर्षों से सीएमडी के पीए पद पर जमे हुए थे, जिसे लेकर राष्ट्र संवाद ने लगातार गंभीर आरोपों के साथ खबरें प्रकाशित की थीं। आरटीआई कार्यकर्ता सुनील मुर्मू द्वारा इस संबंध में पीएमओ और राष्ट्रपति कार्यालय तक शिकायत की गई थी, वहीं एक दिवसीय धरना भी दिया गया था।
यूसील सीएमडी ने संस्थान की छवि को हो रही क्षति को गंभीरता से लेते हुए यह बड़ी कार्रवाई की है। हटाए गए पीए सुरोजित दास को अब कॉरपोरेट ऑफिस भेज दिया गया है, जहां वे जीएम आर.के. मिश्रा को रिपोर्ट करेंगे। सूत्रों के अनुसार, यूसील प्रबंधन अब उन अन्य अधिकारियों पर भी मंथन कर रहा है, जो वर्षों से एक ही पद पर जमे हुए हैं और संस्थान की छवि प्रभावित कर रहे हैं।

