राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को नीमडीह थाना क्षेत्र में अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी एवं थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 500 सीएफटी अवैध गिट्टी लदा एक हाइवा जब्त किया गया।
जांच के दौरान वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद नियमानुसार वाहन को जब्त कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नीमडीह थाना को सौंप दिया गया। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनिज परिवहन और खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में खनिज नियमावली एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिज परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

