कोल्हान में मजदूर नेता केदार दास को भावभीनी श्रद्धांजलि, सैकड़ों श्रमिक जुटे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर All India Trade Union Congress (AITUC) कोल्हान प्रमंडल की ओर से मजदूरों के लोकप्रिय नायक स्वर्गीय केदार दास की 45वीं पुण्यतिथि साकची गोलचक्कर पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूरे कोल्हान क्षेत्र से बड़ी संख्या में मजदूर नेता, यूनियन पदाधिकारी और श्रमिक साथी एकत्रित हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत केदार दास की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्पांअर्पित कर की गई। उपस्थित नेताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि केदार दास ने अपना पूरा जीवन मजदूरों के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया था। उनके संघर्ष और नेतृत्व ने कोल्हान क्षेत्र में मजदूर आंदोलन को नई दिशा और मजबूती प्रदान की।

सभा को संबोधित करते हुए अंबुज ठाकुर ने कहा कि आज जब श्रमिक अधिकारों पर विभिन्न प्रकार की चुनौतियां सामने हैं, ऐसे समय में केदार दास के सिद्धांत और संघर्ष की प्रेरणा और भी प्रासंगिक हो जाती है। उन्होंने मजदूर एकता को मजबूत करने और श्रमिक हितों की रक्षा के लिए संगठित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में मजदूरों की उपस्थिति ने यह साबित किया कि केदार दास आज भी श्रमिकों के दिलों में जीवित हैं। अंत में सभी ने उनके आदर्शों पर चलने और मजदूर आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

