मोदी कैबिनेट में हिंदूवादी नेता गिरिराज सिंह और नीतीश के करीबी राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन को मिला मंत्री पद ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर ने दी प्रधानमंत्री को बधाई
तेजतर्रार हिंदूवादी नेता गिरिराज सिंह एक बार फिर केंद्रीय मंत्री बने
अपनी विवादास्पद टिप्पणियों के लिए बिहार की राजनीति और राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह एकबार फिर केंद्रीय मंत्री बनाए गए हैं।
भूमिहार जाति से आने वाले तेजतर्रार हिंदूवादी नेता गिरिराज सिंह ने लगातार दूसरी बार बेगूसराय लोकसभा सीट से जीत हासिल की है।
गिरिराज ने 2014 में बिहार की नवादा संसदीय सीट से पहली बार लोकसभा का चुनाव जीता था और 2019 के लोकसभा चुनाव में उनकी सीट बदलकर उन्हें बेगूसराय से टिकट दिया गया था।
सिंह सीट बदलने से नाराज थे लेकिन उन्होंने 2019 के चुनाव में भाकपा के टिकट पर चुनाव लड़े कन्हैया कुमार को भारी अंतर से हराया था। इस बार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और विपक्षी ‘‘इंडिया’’ गठबंधन में शामिल भाकपा के प्रत्याशी अवधेश कुमार राय को 81,480 मतों के अंतर से पराजित कर सिंह अपनी सीट बरकरार रखने में सफल रहे।
केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान, गिरिराज ने श्रम पर स्थायी समिति और संसद सदस्यों के वेतन और भत्ते पर संयुक्त समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया।
नवंबर 2014 में जब मोदी कैबिनेट का पहला विस्तार हुआ, गिरिराज को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया। 2017 में उन्हें इसी मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया।
मई 2019 में वह नवगठित केंद्रीय पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री बने।
जुलाई 2021 में कैबिनेट फेरबदल के बाद वह नरेन्द्र सिंह तोमर की जगह केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री बने।
इससे पहले, गिरिराज ने 2005 से 2010 तक बिहार सरकार में सहकारिता मंत्री और 2010 से 2013 तक पशुपालन मंत्री के रूप में कार्य किया था।
*राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन बने केंद्रीय मंत्री*
पटना जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह को रविवार को नरेन्द्र मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया। वह कई वर्षों से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक हैं।
भूमिहार समुदाय से ताल्लुक रखने वाले ललन हमेशा से पार्टी प्रमुख कुमार की ताकत रहे हैं, क्योंकि बिहार में भूमिहार जाति संख्या के हिसाब से अपने छोटे आकार के बावजूद व्यापक राजनीतिक प्रभाव के लिए जानी जाती है।
ललन ने 2022 में जदयू-राजद गठबंधन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार, हालांकि मुंगेर, जमालपुर और लखीसराय के कुछ क्षेत्रों में यादव और मुसलमान पारंपरिक रूप से राजद का समर्थन करते आए हैं, लेकिन भूमिहार और अन्य उच्च जाति समूह पिछले कई वर्षों से सिंह का समर्थन कर रहे हैं।
कुछ महीने पहले सिंह और नीतीश कुमार के बीच कथित मतभेद के दावे और प्रतिदावे सुर्खियों में रहे, क्योंकि उसके बाद कुछ महीनों के दौरान राजनीतिक समीकरण बदल गए थे।
सिंह मुंगेर लोकसभा सीट से तीसरी बार जीते हैं। उन्होंने 2004 से 2009 के बीच एक बार बेगूसराय संसदीय सीट का भी प्रतिनिधित्व किया था।
वह 2009, 2019 और 2024 के चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन जब वह 2014 में हार गए थे, तो नीतीश कुमार ने उन्हें राज्यसभा सदस्य बनवाया और फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी नियुक्त किया।
इससे पहले, सिंह को राज्यपाल कोटे के तहत बिहार विधान परिषद में मनोनीत किया गया था और जून 2014 में तत्कालीन जीतन राम मांझी मंत्रिमंडल में उन्हें सड़क निर्माण मंत्री बनाया गया था।
चुनावी हार के बावजूद उन्हें मंत्री बनाए जाने और पदोन्नति देने से ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू के नेतृत्व में विद्रोह भड़क गया, जो बाद में 12 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे।
*ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर ने दी प्रधानमंत्री को बधाई*
ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर के अध्यक्ष विकास सिंह और महासचिव अनिल ठाकुर ने
प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा है कि भूमिहार समाज की ओर से भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद पर शपथ लेने के लिए हार्दिक बधाई एवं आने वालों वर्षों में आपके नेतृत्व में देश को निरंतर सशक्त मजबूत बने यह हम सभी समाज के लोग कामना करते हैं
अध्यक्ष महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार से हमारे समाज के दो वरिष्ठ नेता श्री गिर्राज सिंह एवं श्री राजीव रंजन सिंह जी को केंद्रीय मंत्री पद की जो जिम्मेदारी दी और राष्ट्र सेवा का मौका दिया उसके लिए बहुत-बहुत आभार हमारे समाज का देश के विकास में हमेशा से अत्यधिक सहयोग रहा है और इसी के चलते हमारे समाज का पूर्ण समर्थन आपके दल को मिलता रहा है और हम यह विश्वास भी दिलाते हैं की देश के विकास में आपका जो भी निर्णय होगा हमारा यह समाज आपके साथ निरंतर कंधा से कंधा मिला करके रहेगा