ट्राइबल कल्चर सेंटर के भ्रमण से छात्राओं ने जाना झारखंड की आदिवासी संस्कृति का इतिहास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: नेचर संस्था द्वारा संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत इतिहास विषय की छात्राओं ने ट्राइबल कल्चर सेंटर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को झारखंड की जनजातीय संस्कृति, इतिहास, कला और पारंपरिक जीवन शैली की विस्तृत जानकारी दी गई।
ट्राइबल कल्चर सेंटर के राकेश सिंह ने विभिन्न जनजातियों की परंपराओं, सामाजिक संरचना, लोककला, लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डाला। संग्रहालय में प्रदर्शित पारंपरिक वेशभूषा, कृषि उपकरण, संगीत वाद्य और अन्य दुर्लभ वस्तुओं के माध्यम से छात्राओं को आदिवासी जीवन को करीब से समझने का अवसर मिला।
छात्राओं ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर झारखंड की समृद्ध जनजातीय विरासत को जानने का मौका मिला। वहीं, नेचर संस्था की मेंटर डॉ. कविता परमार और डॉ. विनीता परमार ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, शोध और लेखन कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

