घाटशिला उपचुनाव : महागठबंधन एकजुट, झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के समर्थन में जमी पूरी टीम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला। उपचुनाव को लेकर घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। विधायक संजीव सरदार, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, और शिल्पी नेहा तिर्की सहित कई नेताओं ने गाँव-गाँव जाकर जनसमर्थन जुटाया।
विधायक संजीव सरदार ने विभिन्न गांवों में जनसंपर्क के दौरान ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद किया। ग्रामीणों ने पूर्ण समर्थन का आश्वासन देते हुए क्रम संख्या तीर-धनुष निशान पर मतदान कर भारी बहुमत से सोमेश सोरेन की जीत का संकल्प लिया। सरदार ने कहा कि घाटशिला की जनता विकास चाहती है, और जनता ने निश्चय किया है कि “घाटशिला फिर चुनेगा तीर-कमान।”
शहरी क्षेत्र की आठ पंचायतों की 51 बूथ समितियों की समीक्षा बैठक में पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने बूथ कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “मतदान केंद्र तक मतदाताओं को लाना और उन्हें सही निर्णय के लिए प्रेरित करना बूथ सहयोगियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।”
वहीं, शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि घाटशिला में महागठबंधन की एकजुटता स्पष्ट दिखाई दे रही है। यह चुनाव केवल एक सीट का नहीं, बल्कि उस विचारधारा के खिलाफ संघर्ष है जो समाज को बाँटने और पूंजीपतियों के हित में काम करती है।
प्रचार अभियान में राज्य के नगर विकास सह पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, और कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही। सभी नेताओं ने ठंड के मौसम में भी लगातार जनसंपर्क कर महागठबंधन प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कुल मिलाकर, घाटशिला उपचुनाव में महागठबंधन पूरी मजबूती के साथ मैदान में है और झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के समर्थन में चुनावी अभियान ने जोर पकड़ लिया है।

