गालूडीह में 50 लाख की हेराफेरी से मचा हड़कंप, पीड़ित को जान का खतरा, समाज ने दिया 10 दिन का अल्टीमेटम
पीड़ित विमल अग्रवाल ने रॉकी शर्मा और उनकी धर्मपत्नी रश्मि अग्रवाल पर लगाए गंभीर आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
*राष्ट्र संवाद / जादूगोड़ा :* गालूडीह में मारवाड़ी समाज का एक पारिवारिक विवाद अब बड़ा रूप ले चुका है। मामला केवल घरेलू विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लगभग 50 लाख रुपये की बड़ी हेराफेरी, सामाजिक पंचायत की अवहेलना और पीड़ित को जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया है।
पीड़ित विमल अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी रश्मि अग्रवाल और रॉकी शर्मा घर से कीमती आभूषण और लगभग 2 लाख रुपये नकद सहित करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए हैं। घटना के बाद से दोनों लगातार फरार बताए जा रहे हैं।
*सामाजिक पंचायत को भी गुमराह करने का आरोप*
मामले को सुलझाने के लिए गालूडीह पंचायत भवन में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन और गालूडीह मारवाड़ी सम्मेलन की संयुक्त बैठक बुलाई गई थी। 13 अगस्त को हुई पहली बैठक में रॉकी शर्मा के भाई दीपू शर्मा और शिपू शर्मा ने समाज को भरोसा दिलाया था कि तीन दिन के भीतर दोनों को समाज के सामने हाजिर किया जाएगा।
लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ। दूसरी बैठक में रॉकी के पिता नरेश शर्मा और दोनों भाई पहुंचे और फिर 10 दिन की मोहलत मांग ली। लगातार टालमटोल की नीति से समाज में भारी आक्रोश है। समाज ने इसे पंचायत की अवमानना माना है।
*पीड़ित ने जताया जान का खतरा*
पीड़ित विमल अग्रवाल का कहना है कि इस पूरे षड्यंत्र में रॉकी शर्मा के पिता नरेश अग्रवाल भी शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रॉकी शर्मा और उसके पूरे परिवार से उन्हें जान का खतरा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
*समाज ने दिया अंतिम अल्टीमेटम*
लगातार टालमटोल और मामले को लटकाने की कोशिश को देखते हुए जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने सख्त रुख अपनाया है। समाज ने अंतिम बार 10 दिन का समय दिया है। तय समय में आरोपी हाजिर नहीं हुए तो वरीय पुलिस अधिकारियों और न्यायालय के माध्यम से कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
इस मामले को लेकर जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया है, जिस पर एसपी ने सहयोग का आश्वासन दिया है। वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी द्वारा भी मामले की तहकीकात की जा रही है और फरार दोनों आरोपियों की खोजबीन तेज कर दी गई है।
बैठक में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल, सचिव प्रदीप शर्मा मिश्रा, गालूडीह शाखा अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल, गिरधारी झुनझुनवाला, दीपक झुनझुनवाला, संदीप शर्मा, सुरेश अग्रवाल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, अमित अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, सुनील जैन, ललित अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

