मुंबई. वसई-विरार इलाके में लिंक रोड स्थित बहुमंजिला इमारत इंपीरियल टॉवर (इंपीरियल हाइट्स) में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई. आग इमारत की 8वीं से 10वीं मंजिल तक तेजी से फैल गई, जिसकी चपेट में आने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में एक बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक बताई जा रही है. प्राथमिक जांच में इस भयावह अग्निकांड की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.
धू-धू कर जली इमारत, जान बचाने बाहर लटके लोग
वसई-विरार सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कमिश्नर पृथ्वीराज बी.पी. के अनुसार, दमकल विभाग को घटना की सूचना रात करीब 11:30 बजे मिली. आग की लपटें और घना धुआं इतनी तेजी से फैला कि ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई. आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई निवासी अपनी जान बचाने के लिए फ्लैट की खिड़कियों और बालकनी के बाहरी हिस्से पर लटक गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
क्रेन की मदद से 15 लोगों का रेस्क्यू, अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक राहत दल मौके पर पहुंच गए. दमकल कर्मियों ने हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से इमारत के बाहरी हिस्से पर फंसे लोगों सहित कुल 15 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं, आग लगते ही कई लोग सीढिय़ों के रास्ते खुद नीचे उतरने में सफल रहे. धुएं और झुलसने के कारण प्रभावित लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. दमकल विभाग ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

