राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा/घाटशिला: घाटशिला अनुमंडल के विभिन्न बाजारों में “हाथी” ब्रांड के नाम पर कथित रूप से नकली सरसों तेल की बिक्री का मामला सामने आया है। स्थानीय खुदरा विक्रेताओं का आरोप है कि जहां अधिकृत डिपो में हाथी ब्रांड सरसों तेल का थोक मूल्य 185 रुपये प्रति लीटर है, वहीं बाजार में इसी ब्रांड का तेल 175 रुपये प्रति लीटर में बेचा जा रहा है, जिससे इसकी गुणवत्ता और प्रामाणिकता पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, सरायकेला और आसपास के क्षेत्रों से कम कीमत का स्थानीय तेल लाकर घाटशिला, मुसाबनी, बहरागोड़ा और जादूगोड़ा क्षेत्र में कथित तौर पर हाथी ब्रांड जैसी पैकिंग में बेचा जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी की आशंका जताई जा रही है।
परसुडीह बाजार समिति के रमेश जोशी ने दावा किया कि अधिकृत डिपो का तेल 185 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध है, जबकि बाजार में वही ब्रांड 175 रुपये में बिक रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कथित मिलावटी तेल के उपयोग से गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञ मिलावटी खाद्य तेल के सेवन से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जोखिमों की चेतावनी देते रहे हैं।
इस मामले में घाटशिला अनुमंडल खुदरा विक्रेता संघ ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर खाद्य सुरक्षा विभाग से जांच, तेल के नमूनों की जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब क्षेत्र के उपभोक्ताओं और व्यापारियों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला उपभोक्ता स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और राजस्व से जुड़ा गंभीर विषय साबित हो सकता है।

