राष्ट्र संवाद की खबर पर लगी मुहर: साइबर अपराधी राज भगत गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: क्षेत्र में साइबर अपराध को लेकर राष्ट्र संवाद द्वारा लगातार प्रकाशित खबरों पर अब मुहर लग गई है। जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के इचड़ा गांव निवासी राज भगत को दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को दिल्ली पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से इचड़ा गांव में छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में लिया और उसे दिल्ली ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज भगत पर दिल्ली की हिमांशी अनुज से करीब 7 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। इस संबंध में वेस्ट दिल्ली साइबर थाना में कांड संख्या 118/2026, दिनांक 16 मार्च को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए दिल्ली से आई टीम में एचसी विनोद, हरेंद्र और प्रवीण शामिल थे, जिन्होंने जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा एवं पुलिस बल के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, राज भगत लंबे समय से साइबर अपराध गतिविधियों में संलिप्त था और अचानक बड़ी संपत्ति अर्जित करने के कारण वह पहले से ही पुलिस के रडार पर था। उसका भाई राहुल भगत भी पूर्व में साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है। इलाके में यह भी चर्चा है कि राज भगत के कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोगों से संबंध थे, जिसकी जांच की जा रही है।
राष्ट्र संवाद ने पहले ही जादूगोड़ा, कोकदा, कुलडीहा, नवरंग मार्केट और राखा माइंस क्षेत्र में सक्रिय साइबर अपराधियों के नेटवर्क को प्रमुखता से उजागर किया था। पुलिस की हालिया कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि क्षेत्र में संगठित रूप से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित हो रहा था।
पुलिस ने संकेत दिया है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। कई संदिग्धों को नोटिस भेजा गया है और जांच जारी है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

बॉक्स: जादूगोड़ा में फैला साइबर अपराध का नेटवर्क
प्राथमिक अभियुक्त राज भगत (पिता: स्व. चितरंजन भगत) इचड़ा, जादूगोड़ा का निवासी है।
उसका भाई राहुल भगत भी पहले साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है।
जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के कोकदा, कुलडीहा, नवरंग मार्केट और राखा माइंस समेत कई इलाकों में साइबर गिरोह सक्रिय हैं।
कई युवाओं को साइबर थाना द्वारा नोटिस जारी किया गया है।
राज भगत के स्थानीय एक जनप्रतिनिधि से संबंधों की भी चर्चा, खातों की जांच से और खुलासे की संभावना।
अचानक अर्जित संपत्ति और महंगी गाड़ी खरीदने जैसे मामलों ने पुलिस का ध्यान पहले ही खींचा था।
इससे पहले कोकदा गांव से 8 युवाओं की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मामले में महावीर भगत और मलय भगत को मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
नवरंग मार्केट के जीसू सिंह और इचड़ा के सागर कर्मकार भी पुलिस के रडार पर हैं।

