जन शिकायत निवारण दिवस में उप विकास आयुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उप विकास आयुक्त ने नागरिकों की समस्याएं एवं सुझावों को सुना, प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को किया गया निर्देशित
उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार समाहरणालय में जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। दबंगों द्वारा घर पर तालाबंदी, लंबित पेंशन भुगतान, वृद्धावस्था पेंशन, ग्राम सभा के अधिकारों की अवहेलना, मानदेय भुगतान, दाखिल-खारिज, दुकान आवंटन, शौचालय निर्माण समेत अन्य व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़े मामलों से संबंधित आवेदन एवं ज्ञापन प्राप्त हुए।
उप विकास आयुक्त ने उक्त सभी मामलों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, इसलिए सभी संबंधित विभाग अग्रसारित आवेदनों का गंभीरता से निष्पादन करें।

