राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस पर 1.60 करोड़ मत्स्य स्पॉन का वितरण, मत्स्य पालकों का हुआ सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला मत्स्य कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिले के मत्स्य पालकों, मत्स्य मित्रों और महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आठ मत्स्य बीज उत्पादकों के बीच 1 करोड़ 60 लाख मत्स्य स्पॉन का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू थीं, जबकि जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा और मत्स्य निदेशालय, रांची के उप मत्स्य निदेशक मनोज कुमार ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी अलका पन्ना, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में मत्स्य पालक, मत्स्य मित्र और महिला उद्यमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक से मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने पर जोर दिया गया। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले मत्स्य मित्रों एवं महिला उद्यमियों नमिता नन्दी, पार्वती हांसदा, दीपाली महतो, राजन कुमार सिन्हा, स्वप्न कुमार कैवर्त, प्रधनचन्द महतो और वीरसिंह बेसरा को प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया।

