पर्यटन विकास को गति देने हेतु जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक सम्पन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद (DTPC) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें विधायकों, अधिकारियों व समिति सदस्यों ने जिले के पर्यटन विकास पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में धर्मबहाल क्लस्टर चेंगजोड़ा को हेरिटेज विलेज (श्रेणी-D) घोषित करने का निर्णय लिया गया। वहीं हरीणा मंदिर व रंकीणी मंदिर को श्रेणी-C से श्रेणी-B में अपग्रेड करने और माँ रंकीणी सिद्धपीठ परिसर के सौंदर्यीकरण पर विचार किया गया।
इसके अलावा बुरूडीह डैम, डिमना लेक और छोटा बांकी डैम में बोटिंग व वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने, पहुँच पथ निर्माण, तथा पोटका के पहाड़ भांगा और कालेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण संबंधी प्रस्तावों पर विमर्श हुआ।
बैठक में पर्यटक स्थलों के बेहतर संचालन हेतु पर्यटन प्रबंधन समिति गठन और नए स्थलों को अधिसूचित करने का निर्णय भी लिया गया।

