शिक्षा विभाग की 14 सूत्री समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस का हल्ला-बोल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने शिक्षा विभाग से जुड़ी जनहित की समस्याओं को लेकर जोरदार पहल की है। जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल डीईओ कार्यालय पहुंचा और विभागीय पदाधिकारियों से मुलाकात कर 14 सूत्री मांगपत्र सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष दुबे ने कहा कि जिले के विद्यालयों की स्थिति चिंताजनक है। कई स्कूलों में चाहरदीवारी, शौचालय और फर्नीचर जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। शिक्षकों की भारी कमी है और कई विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा के साधन उपलब्ध नहीं हैं।
कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में मुसाबनी के उत्क्रमित मध्य विद्यालय एवं उच्च विद्यालय में चाहरदीवारी और पुरुष शौचालय निर्माण, तांबाजुड़ी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता पर उच्चस्तरीय जांच, टेल्को उर्दू हाई स्कूल का लंबित रजिस्ट्रेशन पूरा करने, जिले के सभी स्कूलों का निरीक्षण कर आधारभूत ढांचे को दुरुस्त करने, शिक्षकों की पारदर्शी नियुक्ति एवं स्थानांतरण नीति लागू करने, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, इंटरनेट, प्रोजेक्टर जैसी सुविधाओं को बढ़ावा देने और मध्याह्न भोजन योजना में गुणवत्ता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे बिंदुओं पर जोर दिया।
इसके अलावा छात्रवृत्ति, यूनिफॉर्म और किताबों का समय पर वितरण, बालिकाओं की शिक्षा के लिए सुरक्षित वातावरण, अलग शौचालय और सेनेटरी नेपकिन की उपलब्धता, प्रवासी व ग्रामीण बच्चों के नामांकन की गारंटी, दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष सुविधा तथा शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार व फाइल-घोटाले पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
डीईओ कार्यालय के पदाधिकारियों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उठाए गए मुद्दों का त्वरित समाधान किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के साथ उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, ब्रजेन्द्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, रजनीश सिंह, राजीव मिश्र, अरुण कुमार सिंह, लखिंदर करुवा, सुदर्शन तिवारी, रंजीत सिंह, धर्मा राव, सन्नी सिंह, रंजीत झा, सुनीता टोप्पो और सचिन कुमार सिंह शामिल थे

