नीट पेपर लीक मामले पर जिला कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परविंदर सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटना से देश के लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा टूटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले के बाद देशभर में छात्रों द्वारा आत्महत्या की घटनाएं बेहद दुखद हैं तथा शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने एवं छात्रों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

