दिल में है बन्ना, बन्ना में है दम,चार मुख्यमंत्रियों के बाद सोशल मीडिया पर है सबसे अधिक फैन फॉलोइंग
देवानंद सिंह
अपनी बात कहने व लोगों से खुद को जोड़ने का सोशल मीडिया एक महत्वपूर्ण माध्यम है। आज के समय में सोशल मीडिया पर बहुत सारे प्लेटफार्म हैं, जिनके माध्यम से लोगों तक अपनी बात पहुंचाई जा सकती है। पब्लिक के बीच में रहने वाले राजनेताओं के लिए भी यह बेहद सशक्त माध्यम बना हुआ है, क्योंकि कोरोना की वजह से पिछले दो वर्षों से पब्लिक गैदरिंग कम हुई है। इसी वजह से नेता भी सोशल साइटों के माध्यम से अपने चाहने वालों से जुड़े रहना चाहते हैं। अपने झारखड़ की बात करें तो नेताओं के फॉलोअर्स बढ़ रहे हैं, इसमें सबसे खासतौर पर देखें तो स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता सोशल मीडिया पर भी उभरते हुए सितारे बनते जा रहे हैं। कोरोना के बीच उनके द्वारा किए गए कार्यों की खूब सराहना होती है। इसीलिए वह लोगों के बीच तो लोकप्रिय हैं ही, लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी लगातार उनका जलवा बढ़ रहा है। मंत्री बन्ना गुप्ता राज्य के इकलौते मंत्री हैं, जो लोकप्रियता के शिखर पर हैं और वह चार मुख्यमंत्रियों के बाद सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के मामले में अन्य नेताओं से आगे हैं। फॉलोअर्स के मामले में वह वर्तमान सहित राज्य में मुख्यमंत्री रह चुके चार मुख्यमंत्रियों के बाद पांचवे नंबर पर हैं। बन्ना गुप्ता की फॉलोअर्स की संख्या 1 लाख से अधिक यानि 1 लाख 32 हजार है। और लोकप्रियता की इस शिखर पर पहुंचने में बन्ना की टीम भावना के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता और खासकर संजय ठाकुर की भूमिका को
अगर, मुख्यमंत्रियों की बात की जाए तो इस सूची में वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सबसे आगे हैं, उनके फॉलोअर्स की संख्या 8 लाख 55 हजार है। उनकी यह फॉलोइंग हेमंत सोरेन नाम से बने अकाउंट की है, जबकि ऑफिस ऑफ चीफ मिनिस्टर नाम से बने ट्विटर अकाउंट पर 5.95 लाख फॉलोअर्स हैं। इसके दूसरे नंबर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास हैं, जिनके फॉलोअर्स की संख्या 3.86 लाख है। भाजपा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के फॉलोअर्स की संख्या 1.90 लाख है। भाजपा विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के सोशल मीडिया पर 1.69 लाख फॉलोअर्स हैं। इस चारों के बाद बन्ना गुप्ता सूची में पांचवें नंबर पर हैं। अगर, अन्य की बात की जाए तो बन्ना गुप्ता के बाद निर्दलीय विधायक सरयू राय का नंबर आता है, जिनके 1 लाख फॉलोअर्स हैं, झामुमो मंत्री अमरनाथ महतो के 94 हजार फॉलोअर्स हैं, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के 91.6 हजार फॉलोअर्स हैं। वहीं, झामुमो मंत्री मिथलेश ठाकुर के 71.9 हजार फॉलोअर्स हैं, कांग्रेस सांसद बादल पत्रलेख के 70.4 फॉलोअर्स हैं, एक अन्य मंत्री और कांग्रेस नेता रामेश्वर उमराव के 52.4 हजार, भाजपा सांसद दीपक प्रकाश के 48.6 हजार, मंत्री और कांग्रेस नेता आलमगौर आलम के 40.2 हजार, मंत्री झामुमो चंघाई सोरेन के 39.9 हजार, मंत्री और राजद नेता सत्या नंद भोक्ता के 36.3 हजार, मंत्री और झामुमो नेता हफीजुल हसन के 22.9 हजार व मंत्री झामुमो नेता जोया मांझी के मात्र 11 फॉलोअर्स हैं। इन आंकड़ों से साफ होता है, मुख्यमंत्रियों के बाद बन्ना गुप्ता का नाम उभरते हुए सितारों में शुमार हो गया है। यह सच भी है, क्योंकि वह जमीन पर और लोगों के बीच रहकर राजनीति करते हैं। कोरोना काल में उन्होंने जिस तरह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में काम किया, वह काफी सराहनीय था। कोरोना की तीसरी लहर से मुकाबले के लिए भी उनकी तरफ से सशक्त प्रयास किए जा रहे हैं।