झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान को लेकर उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र, प्रमाण पत्र व प्रतीक चिन्ह देने की मांग को लेकर सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार के संकल्प (संख्या 1938, 30 अप्रैल 2021) का जिले में पालन नहीं हो रहा है।
आंदोलनकारी पुष्कर महतो ने कहा कि चिन्हित आंदोलनकारियों को राजकीय सम्मान देने का प्रावधान है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने बताया कि गृह विभाग द्वारा सभी उपायुक्तों को निर्देश भी जारी किए गए थे, फिर भी अनुपालन नहीं हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि आदेश की अनदेखी कानून का उल्लंघन है और कई आंदोलनकारी सम्मान से वंचित रह गए, जिनमें कुछ का निधन भी हो चुका है। उन्होंने प्रशासन से जल्द प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

