स्कूलों में संचालित लीगल लिट्रेसी क्लब में डालसा चलाया सघन जागरूकता अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर । नालसा एवं झालसा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सिविल कोर्ट,जमशेदपुर द्वारा जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं अन्य स्कूलों में संचालित लीगल लिट्रेसी क्लब में स्कूली बच्चों के बीच 05 जुलाई, शनिवार के दिन सघन जागरूकता अभियान चलाया गया । डालसा सचिव श्री धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि उक्त अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार जमशेदपुर श्री अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में पूरे पूर्वीसिंहभूम जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ।

उन्होंने कहा कि नशीली दवाओं के दुरुपयोग और बाल विवाह तथा नालसा की अन्य योजनाओं (जैसे आशा, डॉन आदि) पर डालसा द्वारा पूरे जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं अन्य स्कूलों में संचालित लीगल लिट्रेसी क्लब में स्कूली बच्चों के बीच उपर्युक्त विषय पर शनिवार को सघन रूप से जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। डालसा सचिव ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के हानिकारक प्रभावों तथा बाल विवाह के कानूनी और सामाजिक परिणामों के बारे में शिक्षित करना है। इस अभियान के तहत विशेषज्ञ और परामर्शदाता छात्रों के साथ बातचीत करके जागरूकता बढ़ाएँगे, स्वस्थ विकल्पों को बढ़ावा देंगे और सामाजिक जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करेंगे।

