पूर्वी सिंहभूम में ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के शिविरों में उमड़ी भीड़, अब तक 10,895 आवेदन प्राप्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के 25 पंचायतों और 4 नगर निकाय क्षेत्रों में सोमवार को सरकारी शिविर आयोजित किए गए। राज्य सरकार द्वारा सूचीबद्ध विभिन्न सेवाओं का लाभ ऑन द स्पॉट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में नागरिक शिविरों में पहुंचे।
अब तक कुल 10,895 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसमें मुख्य सेवा प्रक्षेत्र—जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र और सामाजिक सुरक्षा पेंशन—के आवेदन प्राथमिकता से लिए और निष्पादित किए जा रहे हैं।
प्राप्त आवेदनों में 1,155 पेंशन, 314 स्थानीय निवासी, 408 जाति प्रमाण पत्र, 323 आय प्रमाण पत्र, 283 राशन कार्ड, 84 जन्म प्रमाण पत्र, 42 मृत्यु प्रमाण पत्र, 46 दाखिल खारिज, 19 भूमि मापी, 9 भूमि धारण प्रमाण पत्र तथा 7,984 अन्य लोक-कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन शामिल हैं। कुल आवेदनों में 7,888 प्रखंड क्षेत्र तथा 3,007 नगरीय निकायों से प्राप्त हुए हैं।
शिविरों में नागरिकों की बढ़ती भागीदारी से प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता की दिशा में इस अभियान को सफल माना जा रहा है।


