कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपहृत व्यवसायी पुत्र के परिजनों से की मुलाकात, प्रशासन पर दबाव का भरोसा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में देवांग गांधी के आवास पहुँचा और उनके पुत्र के अपहरण की घटना को लेकर परिवार से मुलाकात कर इस दुखद घड़ी में हर संभव साथ देने का आश्वासन दिया।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि अपहरण की घटना को सात दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे जमशेदपुर जैसे औद्योगिक नगर में व्यापारियों के बीच भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को दी जाएगी, ताकि प्रशासन पर दबाव बनाकर अपहृत युवक की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराई जा सके।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य अशोक चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष रविन्द्र कुमार झा, प्रदेश सचिव महेन्द्र मिश्रा, रजनीश सिंह, आशुतोष सिंह, फिरोज खान और आशीष मुखी सहित अन्य कांग्रेस नेता मुख्य रूप से उपस्थित थे।

